रिपोर्ट – कबीर
मुज़फ्फरनगर। भोपा गांव में मोरना मार्ग स्थित पशु चिकित्सालय के सामने भैंसा-बोगी और कार की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में भैंसा-बोगी पर सवार चार युवकों सहित कार चालक घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोपा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो युवकों को गंभीर हालत के चलते जिला चिकित्सालय मुजफ्फरनगर रेफर किया गया।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव ककराला निवासी 18 वर्षीय निखिल पुत्र विजेंद्र ने बताया कि गुरुवार सुबह वह भोपा नहर पुल के पास स्थित लकड़ी आढ़त पर लकड़ी डालकर भैंसा-बोगी से अपने गांव वापस लौट रहे थे। बोगी पर गांव के ही प्रदीप और राहुल तथा मोरना निवासी 35 वर्षीय सचिन भी सवार थे।जैसे ही भैंसा-बोगी पशु चिकित्सालय के सामने पहुंची, तभी मोरना की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने भैंसा-बोगी में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से निखिल, प्रदीप, राहुल और सचिन घायल हो गए। वहीं कार चालक पारस 25 वर्ष भी हादसे में घायल हो गया।
घटना की सूचना पर सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोपा पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल प्रदीप (22 वर्ष) और राहुल (32 वर्ष) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया।मामले में दीपक कुमार ने कार चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
