रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। नचिकेता स्कूल्स में सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर प्रेम, शांति, समानता और भाईचारे का संदेश दिया।
प्रभात फेरी में कुछ विद्यार्थी पंज प्यारे के स्वरूप में सजे नजर आए, जो आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को याद करते हुए समाज में सेवा, सद्भाव और मानवता की भावना मजबूत करने का संदेश दिया। विद्यालय में विद्यार्थियों को उनके प्रसिद्ध संदेश ‘एक ओंकार, सतनाम’ के आध्यात्मिक महत्व से भी परिचित कराया गया।
विद्यालय की उपप्रधानाचार्या जसबीर कौर ने विद्यार्थियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं सत्य, ईमानदारी, निस्वार्थ सेवा और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से इन आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और सभी के प्रति सम्मान व सहयोग की भावना रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को जीवन में आत्मसात करने तथा समाज में प्रेम, एकता और भाईचारे को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ हुआ।

