रिपोर्ट – ओमप्रकाश
चित्रकूट। दबंगों से परेशान एक युवक ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का आरोप है कि गांव के कुछ लोग देर रात बोलेरो गाड़ी से उसके घर पहुंचे और घर की दीवार में गाड़ी से टक्कर मारकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ित के मुताबिक, घटना के समय उसकी पत्नी घर में अकेली थी। आरोप है कि दबंगों ने उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और अश्लील हरकतें कीं। वहीं, एक व्यक्ति पर लाइसेंसी पिस्टल लहराकर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने जिलाधिकारी से मामले में कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है।
पूरा मामला चित्रकूट जनपद का बताया जा रहा है, जहां पीड़ित युवक ने गांव के अजय सिंह, संजय सिंह समेत करीब आधा दर्जन लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित के अनुसार, देर रात आरोपी बोलेरो गाड़ी से उसके घर पहुंचे और घर की दीवार में टक्कर मारकर उसे तोड़ दिया। उस समय उसकी पत्नी घर पर अकेली मौजूद थी।
पीड़ित का आरोप है कि घर में मौजूद उसकी पत्नी के साथ आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट की। साथ ही अश्लील हरकतें करते हुए उसके प्राइवेट पार्ट को छूने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने धमकी देते हुए कहा कि वह उनका कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा।
पीड़ित ने मनीष सिंह नाम के व्यक्ति पर लाइसेंसी पिस्टल लहराकर धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार, उसे धमकाया गया कि यदि उसने बाहर किसी से घटना के बारे में बताया, तो उसे गोली मार दी जाएगी। इन आरोपों से भयभीत पीड़ित ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी शिकायत रखते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
फिलहाल, पीड़ित द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों पर प्रशासन और पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है। अब देखना होगा कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए क्या कार्रवाई की जाती है।
