रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर पुलिस ने पुरबालियान गांव के जंगल में चल रही अवैध पटाखा फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 1080 किलो अवैध पटाखे, करीब 50 किलो गंधक, 25 किलो बारूद, 125 किलो पिसा कोयला और पटाखा बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, रविवार को मुखबिर से पुरबालियान के जंगल में अवैध पटाखा फैक्टरी संचालित होने की सूचना मिली थी। थाना प्रभारी विपिन कुमार त्यागी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर छापा मारा। यहां से राहुल कुमार (35) निवासी शाहपुर और उत्कर्ष त्यागी (23) निवासी मुबारिकपुर को गिरफ्तार किया गया।
मौके से 90 पेटियों में 12-12 किलो के हिसाब से 1080 किलो माचिस पटाखे मिले। इसके अलावा गंधक, बारूद और कोयला भी बरामद हुआ। पुलिस ने पटाखों की पैकिंग और निर्माण में इस्तेमाल होने वाली मशीनें, छलनियां, प्लास्टिक टप, पैकिंग डिब्बियां, पैकेट और इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी कब्जे में लिया।
मंसूरपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 291/2026 के तहत धारा 288/125 बीएनएस और विस्फोटक अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी विपिन कुमार त्यागी, उपनिरीक्षक अभिषेक गुप्ता, हेड कांस्टेबल ललित भाटी, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, कांस्टेबल लोकेन्द्र कुमार और कांस्टेबल मनीष कुमार शामिल रहे।
