रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस ने संगठन को बूथ स्तर पर सक्रिय करने की कवायद तेज कर दी है। जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन किया गया। जिलाध्यक्ष सत्यपाल कटारिया ने कार्यकर्ताओं को अपने-अपने बूथों पर मतदाता सूची की गहन जांच करने और संभावित प्रत्याशियों के साथ समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सत्यपाल कटारिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेश प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम के निर्देशों पर चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेसजन अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची का बारीकी से निरीक्षण करें। सूची में किसी तरह की गड़बड़ी या अनियमितता सामने आने पर उसकी जानकारी जिला कांग्रेस कमेटी को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
उन्होंने सभी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में पूर्व मंत्री दीपक कुमार, अनिल शर्मा, बीरबल गर्ग, शीला काकरान, सलीम अंसारी, लतीफ कुरैशी, बिलकिस चौधरी, ललित अहलावत, अहमद हुसैन, अशोक सैनी, तनवीर आलम, धवल दत्त शर्मा, श्रीनिवास सुमन, रिजवान सिद्दीकी, हर्ष नागी, याकूब राव, अफसार अंसारी और राधेश्याम पप्पू सहित कई कांग्रेसजन मौजूद रहे।

