ब्यूरो: कबीर
मो. 9389289821
मुजफ्फरनगर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर चलाए जा रहे “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” थीम आधारित जन-जागरूकता अभियान के तहत जनपद में पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने अमरूद का पौधा रोपित कर जनपदवासियों से प्रकृति संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
जिलाधिकारी ने कहा कि बदलते पर्यावरणीय हालातों के बीच प्रकृति का संरक्षण मानव जीवन की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसके वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन ही पर्यावरण संरक्षण की वास्तविक दिशा है।
इस दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण किया। सभी ने एक स्वर में संदेश दिया कि “पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तो मानव जीवन भी सुरक्षित रहेगा।”
कार्यक्रम के माध्यम से हरित और स्वच्छ भविष्य के निर्माण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया गया। साथ ही लोगों से पौधरोपण के बाद पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित करने की अपील भी की गई।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इस अभियान ने जनपदवासियों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के निर्वहन का संदेश भी दिया।
