ब्यूरो: कबीर
मो. 9389289821
मुजफ्फरनगर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए गंग नहर कांवड़ मार्ग पर भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सामाजिक वानिकी प्रभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने पौधारोपण कर हरित भविष्य का संकल्प दिलाया।
यह कार्यक्रम जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन तथा सामाजिक वानिकी प्रभाग के प्रभागीय निदेशक अभिनव राज के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की सुंदरता नहीं बढ़ाते, बल्कि पृथ्वी के पर्यावरणीय संतुलन की आधारशिला हैं। शुद्ध वायु, जल संरक्षण, जैव विविधता और जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों से निपटने में पेड़ों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण को केवल सरकारी अभियान न मानकर सामाजिक दायित्व के रूप में स्वीकार करें और अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनका संरक्षण भी सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर प्रभागीय निदेशक अभिनव राज ने भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण देने के लिए वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाना होगा।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी गीतेश चंद्रा, सहायक अभियंता संतोष कुमार यादव, क्षेत्रीय वन अधिकारी आदित्य सोनकर, वन दरोगा दीपांजलि शर्मा सहित वन विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।
