रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। 11वें आयुर्वेद दिवस की थीम ‘स्वस्थ कल के लिए आयुर्वेद’ को लेकर राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय पटेलनगर की ओर से जैन कन्या इंटर कॉलेज, नई मंडी में आयुर्वेद जागरूकता शिविर लगाया गया। शिविर में करीब 850 छात्राओं ने भाग लिया। विशेषज्ञों ने छात्राओं को स्वस्थ रहने के लिए संतुलित आहार-विहार, नियमित दिनचर्या और ऋतुचर्या के महत्व की जानकारी दी।
राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय पटेलनगर की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. रिम्पल चौधरी ने छात्राओं को आयुर्वेद आधारित स्वस्थ जीवनशैली के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली के बीच खानपान और दिनचर्या को व्यवस्थित रखना स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है। संतुलित आहार के साथ नियमित दिनचर्या और मौसम के अनुसार जीवनशैली अपनाकर कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाव किया जा सकता है।
शिविर के दौरान छात्राओं को आयुर्वेद के सिद्धांतों को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली को दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। बड़ी संख्या में छात्राओं की सहभागिता से शिविर का उद्देश्य प्रभावी ढंग से छात्राओं तक पहुंचा।
