रिपोर्टर: मो. नसीम (ब्यूरो चीफ)
बाराबंकी। बाराबंकी जिले के सुबेहा थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर बाराबंकी रेफर किया गया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुराने जमीनी विवाद में हुआ विवाद
घटना सुबेहा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत सुबेहा के पलिया गांव की है। पुलिस के अनुसार, गांव निवासी नरेंद्र कुमार मिश्रा और योगेश्वर मिश्रा के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
बताया जा रहा है कि 28 जून की शाम करीब 6 बजे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया।
मारपीट में दो महिलाएं गंभीर घायल
मारपीट के दौरान दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इस दौरान नरेंद्र मिश्रा पक्ष की दो महिलाओं के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिलाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शुकुल बाजार पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर बाराबंकी रेफर कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
घायल पक्ष की तहरीर के आधार पर सुबेहा थाना पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक बेचू सिंह यादव ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और प्रकरण की जांच करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और चिकित्सीय रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
