नई दिल्ली। जनजातीय समाज के विकास और उनकी सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे और ‘धरती आबा’ भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर संबोधन देंगे।
इस दौरान प्रधानमंत्री करीब 3,000 करोड़ रुपये की 246 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन योजनाओं के जरिए जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, बुनियादी सुविधाओं और सांस्कृतिक संरक्षण को मजबूती देने पर जोर रहेगा।
जनजातीय विद्यार्थियों को शिक्षा की बेहतर सुविधा
प्रधानमंत्री 38 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही 19 नए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों की आधारशिला भी रखेंगे। इन विद्यालयों का उद्देश्य जनजातीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
पीएम-जनमन योजना के अंतर्गत 100 बहुउद्देश्यीय केंद्रों का भी लोकार्पण किया जाएगा। ये केंद्र स्थानीय समुदायों को सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने और सामुदायिक गतिविधियों के संचालन में मददगार होंगे।
रोपुइलियानी के नाम पर बने संग्रहालय का उद्घाटन
मिजोरम की राजधानी आइजोल में प्रधानमंत्री ‘रोपुइलियानी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय’ का उद्घाटन करेंगे। यह संग्रहालय मिजो जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, वीरता और बलिदान को प्रदर्शित करेगा।
इसका नाम 19वीं सदी की मिजो महिला प्रमुख रोपुइलियानी के नाम पर रखा गया है, जिन्होंने ब्रिटिश शासन के खिलाफ साहसपूर्वक विरोध किया था। वहीं, अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में जनजातीय अनुसंधान संस्थान के नए भवन का भी उद्घाटन किया जाएगा।
जनजातीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने की पहल
जनजातीय उत्पादकों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए 12 जनजातीय बहुउद्देशीय विपणन केंद्रों की आधारशिला रखी जाएगी। इसके अतिरिक्त पीएम-जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत 42 अन्य विकास परियोजनाओं का शिलान्यास होगा।
पखवाड़े के समापन पर होगा राष्ट्रीय आयोजन
देशभर में 1 नवंबर से 15 नवंबर 2026 तक जनजातीय गौरव पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस दौरान जनजातीय साहित्य महोत्सव, विद्यार्थियों के साथ संवाद, चिकित्सकों के प्रशिक्षण, स्वास्थ्य एवं पोषण शिविर और जनजातीय गांवों में सामुदायिक सेवा अभियान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
जनजातीय गौरव दिवस का यह आयोजन भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद करने के साथ जनजातीय समाज की पहचान, परंपराओं और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का अवसर भी होगा।

