Homeराष्ट्रीयविश्व रेडक्रॉस दिवस पर जागी सेवा की अलख, रक्तदान से मानवता की...

विश्व रेडक्रॉस दिवस पर जागी सेवा की अलख, रक्तदान से मानवता की रक्षा का संकल्प

मुजफ्फरनगर | ब्यूरो: कबीर

विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर शुक्रवार को मुजफ्फरनगर में मानव सेवा, रक्तदान और स्वास्थ्य जागरूकता को समर्पित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला अस्पताल स्थित रेडक्रॉस भवन में हुए मुख्य कार्यक्रम में सेवा, संवेदना और मानवता का संदेश गूंजता रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ अंतरराष्ट्रीय रेडक्रॉस आंदोलन के संस्थापक हेनरी ड्यूनेंट के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देशन में आयोजित हुआ, जिसमें अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक और जिला अस्पताल ब्लड बैंक प्रभारी पीके त्यागी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।इस दौरान 8 मई से 22 मई तक चलने वाले रक्तदान पखवाड़े का विधिवत शुभारंभ किया गया। अधिकारियों ने बताया कि जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे और युवाओं व समाजसेवियों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. अशोक अरोड़ा ने कहा कि रेडक्रॉस केवल एक संस्था नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का वैश्विक अभियान है। उन्होंने बताया कि देश में राष्ट्रपति, प्रदेश में राज्यपाल और जनपद स्तर पर जिलाधिकारी रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष होते हैं।उन्होंने कहा कि मरीजों की सहायता, आपदा राहत, रक्त उपलब्धता और स्वास्थ्य सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में रेडक्रॉस की भूमिका हमेशा अग्रणी रही है। डॉ. अरोड़ा ने दुनिया के कई देशों में बन रहे युद्ध जैसे हालातों का जिक्र करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में घायल सैनिकों और पीड़ित नागरिकों की सेवा कर उन्हें नया जीवन देने का कार्य रेडक्रॉस लगातार कर रहा है।कार्यक्रम में भीषण गर्मी और हीट वेव को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। छात्र-छात्राओं को लू से बचाव के उपाय बताते हुए पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचने और स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई।रेडक्रॉस सोसाइटी के ट्रेजरर अशोक शर्मा ने रक्तदान को महादान बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की।इस अवसर पर सुमित्रा देवी, डॉ. एसके अग्रवाल, इंजीनियर सुभाष चंद्र, अंशुमन शर्मा, डॉ. गीतांजलि वर्मा, कार्यालय अधीक्षक शिवराज सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments