Homeराष्ट्रीयNH-58 पर पुलिस-बदमाश मुठभेड़: पैर में गोली लगते ही ढेर हुआ गैंगस्टर,...

NH-58 पर पुलिस-बदमाश मुठभेड़: पैर में गोली लगते ही ढेर हुआ गैंगस्टर, रतनपुरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच थाना रतनपुरी पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित कुख्यात बदमाश को मुठभेड़ के दौरान घायल कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की सख्ती के आगे फरार बदमाश की हेकड़ी चंद मिनटों में ही निकल गई और पैर में गोली लगने के बाद वह मौके पर ही गिर पड़ा।
जानकारी के अनुसार थाना रतनपुरी प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार अपनी टीम के साथ रायपुर नंगली स्थित एनएच-58 हाईवे पुल के नीचे संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान खतौली की ओर से बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस के रुकने के इशारे को नजरअंदाज कर वह तेजी से भागने लगा, लेकिन जल्दबाजी में उसकी बाइक फिसल गई और वह गिर पड़ा।
खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी तत्परता दिखाते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।
पकड़े गए बदमाश की पहचान इन्तजार उर्फ मोटा (करीब 40 वर्ष), निवासी ग्राम भनवाड़ा, थाना रतनपुरी के रूप में हुई है। वह गैंगस्टर एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था और क्षेत्र में सक्रिय शातिर अपराधी के रूप में जाना जाता है।
घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी खतौली भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा (.315 बोर), एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की हीरो होंडा मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, गौवध अधिनियम और अपहरण जैसे संगीन अपराधों के कई मुकदमे दर्ज हैं। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह और थाना प्रभारी राकेश कुमार के नेतृत्व में अंजाम दी गई। फिलहाल अभियुक्त के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments