Homeराष्ट्रीयमुजफ्फरनगर में बेचैनी: दुबई में फंसे शहर के चार प्रतिष्ठित व्यापारी, ईरान-इजरायल...

मुजफ्फरनगर में बेचैनी: दुबई में फंसे शहर के चार प्रतिष्ठित व्यापारी, ईरान-इजरायल तनाव से अटकी वापसी

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद के प्रतिष्ठित व्यापारी परिवारों से जुड़े चार लोग इन दिनों दुबई में फंसे होने से शहर में चिंता और बेचैनी का माहौल है। अंतरराष्ट्रीय हालात बिगड़ने के बाद उड़ानों पर पड़े असर ने इन परिवारों की खुशियों पर अचानक विराम लगा दिया है।
शहर के प्रसिद्ध सर्राफा व्यापारी राम कुमार सर्राफ के पुत्र संजय तायल अपनी पत्नी के साथ अवकाश मनाने दुबई गए थे। इसी तरह वरिष्ठ समाजसेवी कुंज बिहारी अग्रवाल के पुत्र राजन अग्रवाल भी अपनी पत्नी के साथ वहां प्रवास पर थे। लेकिन मध्य पूर्व में चल रहे ईरान-इजरायल तनाव के चलते कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के प्रभावित होने से ये सभी दुबई में ही रुकने को मजबूर हो गए।
जैसे ही यह खबर शहर पहुंची, परिजनों की चिंता बढ़ गई। आर्य समाज रोड स्थित सिद्धार्थ कॉलोनी में राम कुमार सर्राफ के आवास पर दिनभर शुभचिंतकों का तांता लगा रहा। परिजनों की व्याकुलता को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल स्वयं उनके आवास पहुंचे। उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर पूरी स्थिति की जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि सरकार स्तर पर हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इसी दौरान दूरभाष पर राजन अग्रवाल से भी वार्ता कर उनका हालचाल जाना गया। राजन अग्रवाल ने बताया कि स्थानीय प्रशासन ने बुधवार को फ्लाइट उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है, जिससे स्वदेश वापसी की उम्मीद जगी है। हालांकि जब तक विमान उड़ान नहीं भरता, तब तक परिवारों की धड़कनें थमी हुई हैं।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर प्रशासनिक स्तर पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार ऐसे हालात में अपने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती हैं।
शहरवासियों ने भी चारों लोगों समेत मिडिल ईस्ट में फंसे सभी भारतीयों की सुरक्षित और शीघ्र घर वापसी की कामना की है। त्योहारों के इस मौसम में अपनों की सलामती की दुआएं हर जुबान पर हैं, और निगाहें अब उस फ्लाइट पर टिकी हैं जो इन परिवारों की बेचैनी को खत्म कर उन्हें अपनों से मिला देगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments