Homeराष्ट्रीयमुजफ्फरनगर की दबंग दहाड़, बागपत को हराकर राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता की...

मुजफ्फरनगर की दबंग दहाड़, बागपत को हराकर राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता की चमचमाती ट्रॉफी पर किया कब्जा

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय आमंत्रण ओपन पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता के समापन दिवस पर मुजफ्फरनगर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बागपत को 25-9 के बड़े अंतर से हराकर चैम्पियनशिप अपने नाम कर ली। पूरे मुकाबले के दौरान मुजफ्फरनगर के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाते हुए विरोधी टीम को कोई खास मौका नहीं दिया और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
समापन समारोह के अवसर पर विजेता टीम को मुख्य अतिथि डॉ. वीरपाल निर्वाल, अध्यक्ष जिला पंचायत द्वारा पगड़ी, पदक पहनाकर सम्मानित किया गया तथा चैम्पियनशिप ट्रॉफी और ट्रैक सूट भेंट किए गए। वहीं उपविजेता टीम को भी सम्मानित कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया।
इस दौरान विशिष्ट अतिथि अर्जुन देशवाल, डीएसपी एवं अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। फाइनल मुकाबले का शुभारंभ मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि द्वारा किया गया, जहां दोनों टीमों के बीच रोमांचक भिड़ंत देखने को मिली।
समारोह में मुजफ्फरनगर के कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को भी शॉल ओढ़ाकर और फूल-मालाओं से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. वीरपाल निर्वाल ने अपने संबोधन में कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें सही मंच और सुविधाएं देने की। उन्होंने खिलाड़ियों को अधिक से अधिक खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया और सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी भी दी।
प्रतियोगिता में विभिन्न जनपदों से आई टीमों ने हिस्सा लिया, लेकिन अंत में मुजफ्फरनगर की टीम ने अपना दबदबा कायम रखते हुए खिताब पर कब्जा जमाया। कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथियों, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों, कोचों और खेल अधिकारियों की उपस्थिति रही, जिन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
कार्यक्रम का सफल संचालन कुमारी पूनम बिश्नोई उप क्रीड़ा अधिकारी एवं डॉ. राजीव कुमार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया, जबकि आयोजन को सफल बनाने में जिला खेल कार्यालय के समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments