Homeराष्ट्रीयमुकदमे के बाद बढ़ा विवाद: महिला का आरोप—पुलिस ने घर में घुसकर...

मुकदमे के बाद बढ़ा विवाद: महिला का आरोप—पुलिस ने घर में घुसकर पति से मारपीट, नकदी भी गायब

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर (नई मंडी)। जनपद के नई मंडी थाना क्षेत्र में एक महिला ने पुलिस और स्थानीय चिकित्सक पर गंभीर आरोप लगाकर सनसनी फैला दी है। पीड़िता का दावा है कि मुकदमे के बाद से ही उसे और उसके परिवार को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। महिला का आरोप है कि विपक्षी पक्ष के दबाव में पुलिसकर्मी न केवल उसे समझौते के लिए मजबूर कर रहे हैं, बल्कि उसके परिवार के साथ अभद्रता और हिंसा भी कर रहे हैं।
पीड़िता के अनुसार, उसने एक स्थानीय डॉक्टर के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। इस कार्रवाई के बाद से ही उस पर समझौते का दबाव बनाया जाने लगा। महिला का कहना है कि जब उसने समझौता करने से इनकार किया, तो उसके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कराए गए और पुलिस का रवैया भी संदिग्ध हो गया।
मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया जब अदालत से जारी गैर-जमानती वारंट को महिला द्वारा नियमानुसार रिकॉल (निरस्त) करा लेने के बावजूद पुलिस उसके घर पहुंच गई। पीड़िता का आरोप है कि बिना किसी वैध दस्तावेज के पुलिसकर्मी जबरन घर में घुसे और कानून को दरकिनार करते हुए कार्रवाई की।
महिला ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने उसके पति को घर से बाहर घसीट लिया और सरेराह उसकी बेरहमी से पिटाई की। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज की गई और विरोध करने पर और ज्यादा मारपीट की गई। इतना ही नहीं, पीड़िता का दावा है कि पुलिसकर्मियों ने उसके पति की जेब में रखी नकदी भी निकाल ली।
महिला ने साफ तौर पर आरोप लगाया है कि विपक्षी डॉक्टर और कुछ पुलिसकर्मियों के बीच मिलीभगत है, जिसके चलते उसे मानसिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। घटना के बाद उसने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments