रिपोर्ट – संदीप वर्मा

बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी के टिकैतनगर थाना क्षेत्र के परसावल गांव में शनिवार दोपहर एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। यहां एक सनकी व्यक्ति ने गांव में आइसक्रीम बेचने आए एक युवक की चापड़ से गला काटकर हत्या कर दी। घटना की भयावहता यहीं खत्म नहीं हुई, बल्कि आरोपी ने हत्या के बाद मृतक का सिर धड़ से अलग कर उसे अपने घर ले जाकर जलाने की कोशिश भी की।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जो नजारा देखा, वह बेहद चौंकाने वाला था।
मामूली कहासुनी के बाद हुई निर्मम हत्या…
चापड़ से वार कर उतार दिया मौत के घाट…
जानकारी के अनुसार, जिले के दरियाबाद थाना क्षेत्र के ढेमा गांव निवासी 21 वर्षीय बबलू अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और साइकिल पर आइसक्रीम बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी।
शनिवार को बबलू रोज की तरह आइसक्रीम बेचने निकला था। जब वह टिकैतनगर थाना क्षेत्र के परसावल गांव के बाहर ग्राहकों को आवाज लगा रहा था, तभी उसकी गांव के निवासी शंकर यादव (50 वर्ष) से किसी बात को लेकर मामूली कहासुनी हो गई।

देखते ही देखते यह मामूली विवाद हिंसक रूप ले बैठा और आरोपी शंकर यादव ने अपने पास मौजूद चापड़ से बबलू पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले की क्रूरता इतनी ज्यादा थी कि आरोपी ने बबलू की गर्दन धड़ से अलग कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने दिखाई दरिंदगी…
कटा हुआ सिर घर ले जाकर चूल्हे पर जलाने की कोशिश…
इस वारदात के बाद आरोपी मौके से भागने के बजाय मृतक का कटा हुआ सिर उठाकर अपने घर चला गया। आसपास मौजूद लोग इस खौफनाक मंजर को देखकर दहशत में आ गए, लेकिन किसी की हिम्मत नहीं हुई कि वह आरोपी को रोक सके।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। जब पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची, तो वहां का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। आरोपी अपने घर के अंदर आराम से चूल्हा जलाकर उसमें मृतक का सिर रखकर उसे जलाने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से मृतक का सिर तथा हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल बरामद कर लिया।
मौके पर पहुंचे एसपी, जांच शुरू…
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया…
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय भी मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक बबलू अपने परिवार का मुख्य सहारा था। उसकी अचानक हुई मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसकी पत्नी और दो छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव में भी शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
आरोपी की मानसिक स्थिति पर उठे सवाल…
पहले भी परिवार छोड़ चुका है आरोपी
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं है। बताया जा रहा है कि करीब 15-20 वर्ष पहले उसकी पत्नी और बच्चे भी उसे छोड़कर जा चुके हैं।
आरोपी अपने भाइयों से अलग खेत में छप्पर डालकर अकेले रहता था। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि इस क्रूर वारदात के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके .
पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल
इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे टिकैतनगर क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीण इस घटना से बेहद भयभीत हैं और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने कानून व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

