Homeराष्ट्रीयईद मिलन समारोह बना सामाजिक सौहार्द की मिसाल, गले मिलकर दिया एकता...

ईद मिलन समारोह बना सामाजिक सौहार्द की मिसाल, गले मिलकर दिया एकता का संदेश

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। शहर में गंगा-जमुनी तहज़ीब और आपसी भाईचारे को नई मजबूती देने की दिशा में मीमलाना रोड स्थित यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल में आयोजित ईद मिलन समारोह ने एक मिसाल पेश की। भव्य आयोजन में न सिर्फ त्योहार की खुशियां बांटी गईं, बल्कि रूठे रिश्तों को जोड़ने और समाज में प्रेम व सौहार्द को और गहरा करने का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम से पूर्व आयोजित प्रेस वार्ता में डॉ. जमील अहमद ने कहा कि भारत की असली पहचान उसकी विविधता और एकता में निहित है। उन्होंने कहा कि होली, दीपावली और ईद जैसे पर्व हमें मतभेद भुलाकर एक साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। “ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और दिलों के बीच की दूरियों को मिटाने का काम करते हैं,” उन्होंने कहा।
ईद मिलन समारोह में जनपद की कई जानी-मानी सामाजिक और राजनीतिक हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि के रूप में मीनाक्षी स्वरूप, गौरव स्वरूप, पूर्व विधायक नवाजिश आलम खां, राव वारिस खां, वरिष्ठ सपा नेता राकेश शर्मा, जिला अध्यक्ष ज़िया चौधरी, पूर्व जिला अध्यक्ष प्रमोद त्यागी, पूर्व सांसद कादिर राणा और विधायक पंकज मलिक समेत अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए।
वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि त्योहार केवल उत्सव नहीं होते, बल्कि दिलों को जोड़ने का सबसे सशक्त माध्यम होते हैं। जब लोग एक-दूसरे की खुशियों में शरीक होते हैं, तो समाज में विश्वास और अपनापन स्वतः मजबूत होता है।
इस सफल आयोजन में डॉ. जुनैद अहमद (डेंटिस्ट), डॉ. फैज़ मलिक, खुर्शीद मलिक, वसीम मलिक, सैफ आलम और मास्टर सलीम (बीडीसी) का विशेष योगदान रहा। इसके अलावा कलीम त्यागी, तहसीन अली, गुलबहार मलिक, शमीम कस्सार, असद फारूकी, हाजी आसिफ राही, दिलशाद पहलवान और इकराम कस्सार सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भागीदारी की।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और समाज में प्रेम, भाईचारे व एकता को बनाए रखने का संकल्प लिया। यह आयोजन सिर्फ एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता की जीवंत तस्वीर बनकर सामने आया, जिसने यह साबित कर दिया कि मुजफ्फरनगर की मिट्टी में आज भी भाईचारे की खुशबू बरकरार है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments