रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच बुढाना थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। लूट और डकैती के मामलों में वांछित 20 हजार रुपये का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध पिस्टल, तमंचा और बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, थाना बुढाना क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक शातिर बदमाश नहर पटरी के रास्ते भागने की फिराक में है। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने गायत्री वाटिका के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
कुछ ही देर में एक संदिग्ध युवक स्प्लेंडर बाइक पर आता दिखाई दिया। पुलिस के रुकने के इशारे पर उसने भागने की कोशिश की और खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें बदमाश घायल हो गया।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान शाहरूख पठान पुत्र इकबाल निवासी कस्बा बुढाना के रूप में हुई है। उसे मौके से ही घायल अवस्था में पकड़कर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने अभियुक्त के पास से 32 बोर की अवैध पिस्टल, 315 बोर का तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस समेत बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।
लंबा आपराधिक इतिहास, कई थानों में दर्ज मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, शाहरूख पठान पर हत्या के प्रयास, डकैती, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वह हाल ही में आर्म्स एक्ट के एक मामले में वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
दिनदहाड़े ज्वैलर्स शोरूम डकैती में भी था शामिल
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने अपने गैंग के साथ मिलकर कोतवाली नगर क्षेत्र में दिनदहाड़े ज्वैलर्स की दुकान से करीब 10 किलो चांदी और सोने के आभूषण लूटे थे। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही वह फरार चल रहा था।

