Homeराष्ट्रीयईद के दिन गैस संकट: सुबह 4 बजे से लाइन में लगे...

ईद के दिन गैस संकट: सुबह 4 बजे से लाइन में लगे उपभोक्ता, एजेंसी पर हंगामा, बिना सिलेंडर लौटे लोग

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में एक ओर जहां ईद-उल-फितर का त्योहार खुशियों और भाईचारे के माहौल में मनाया जा रहा था, वहीं दूसरी ओर रुड़की रोड स्थित विशाल भारत गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं को भारी अव्यवस्था और लापरवाही का सामना करना पड़ा। रसोई गैस सिलेंडर न मिलने से नाराज सैकड़ों उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने एजेंसी गोदाम पर जमकर हंगामा करते हुए प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
हैरत की बात यह रही कि गोदाम के बाहर गैस से भरी गाड़ी खड़ी होने के बावजूद भी उपभोक्ताओं को सिलेंडर वितरित नहीं किए गए। इससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया।
त्योहार के चलते रसोई की जरूरतों को पूरा करने के लिए उपभोक्ता तड़के 4 बजे से ही गोदाम के बाहर लंबी कतारों में लग गए थे। एजेंसी द्वारा 21 मार्च को वितरण की तारीख तय किए जाने के कारण बड़ी संख्या में लोग उम्मीद लेकर पहुंचे थे, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी जब कोई जिम्मेदार कर्मचारी मौके पर नहीं आया तो भीड़ में आक्रोश फैल गया। आरोप है कि भीड़ बढ़ती देख एजेंसी के कर्मचारी मौके से खिसक गए और चौकीदार भी गेट पर ताला डालकर फरार हो गया।
हंगामे के दौरान एक पीड़ित उपभोक्ता ने बताया कि वह सुबह 5 बजे से लाइन में खड़ा है और ईद की नमाज भी इसी चिंता में जल्दबाजी में अदा की कि कहीं नंबर न निकल जाए। उन्होंने कहा कि करीब 100 से 150 लोग घंटों से परेशान हैं, लेकिन एजेंसी प्रबंधन फोन तक नहीं उठा रहा। वहीं बुजुर्ग मोहम्मद राकिब हसन ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकार जहां जनकल्याण की योजनाएं चला रही है, वहीं इस तरह की लापरवाही उसकी छवि को नुकसान पहुंचा रही है।
सूचना मिलने पर यूपी डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने उपभोक्ताओं को घर लौटने और होम डिलीवरी के जरिए सिलेंडर मिलने का भरोसा दिलाया, लेकिन एजेंसी या खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि न होने के कारण उपभोक्ता अपनी मांग पर अड़े रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments