रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। ईद-उल-फितर के पावन मौके पर शहर काज़ी क़ाज़ी तनवीर आलम ने जनपदवासियों को दिली मुबारकबाद देते हुए भाईचारे, सौहार्द और इंसानियत का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि अल्लाह का करम है कि हमें रमजान के मुकद्दस महीने में रोज़े रखने और इबादत करने की तौफीक नसीब हुई।
अपने पैगाम में शहर काज़ी ने कहा कि ईद की असली खुशी तभी मुकम्मल होती है जब समाज के गरीब और जरूरतमंद लोग भी इस खुशी में शामिल हों। उन्होंने अपील की कि लोग ज़कात, सदक़ातुल-फ़ित्र और सदक़ा देकर जरूरतमंदों की मदद करें, ताकि हर घर में ईद की रौनक बनी रहे।
उन्होंने बताया कि ईद-उल-फितर की नमाज़ ईदगाह मुजफ्फरनगर में सुबह 8 बजे अदा की जाएगी। जो लोग किसी कारणवश ईदगाह नहीं पहुंच पाएं, वे अपने-अपने मोहल्लों की मस्जिदों में नमाज़ अदा करें।
शहर काज़ी ने लोगों से सरकारी गाइडलाइंस का पालन करने की भी अपील की और स्पष्ट किया कि सड़कों पर नमाज़ अदा न करें, बल्कि निर्धारित स्थानों पर ही नमाज़ पढ़ें।
अंत में उन्होंने दुआ की कि अल्लाह तआला पूरे मुल्क और दुनिया में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारा कायम रखे और हम सभी की इबादत को कबूल फरमाए।

