रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। जनपद के थाना तितावी क्षेत्र अंतर्गत बघरा चौकी इलाके में इन दिनों चोरों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि किसानों की रातों की नींद उड़ गई है। बीती रात अज्ञात चोरों ने एक बार फिर सुनियोजित तरीके से धावा बोलते हुए आधा दर्जन से अधिक ट्यूबवेलों को निशाना बनाया और वहां से लाखों रुपये के कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
बताया जा रहा है कि चोर ट्यूबवेलों से मोटर, केबल, स्टार्टर समेत अन्य जरूरी उपकरण उखाड़ ले गए, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। सुबह जब किसान अपने खेतों पर पहुंचे तो बिखरे पड़े सामान और टूटी व्यवस्थाओं को देख उनके होश उड़ गए।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने किसानों की कमर तोड़ दी है। पहले ही मौसम की मार, महंगी लागत और फसलों के उचित दाम न मिलने से जूझ रहे किसान अब सुरक्षा के संकट से भी घिर गए हैं। हालात यह हैं कि किसान रातभर खेतों की रखवाली करने को मजबूर हैं, लेकिन इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
घटनाओं को लेकर क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। किसानों का कहना है कि पुलिस गश्त न के बराबर है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं।

