बाराबंकी में किसान दिवस का हुआ आयोजन

Spread the love


रिपोर्ट – संदीप वर्मा


बाराबंकी। जिलाधिकारी बाराबंकी के निर्देशानुसार आज 18-03-2026 को अपरान्ह 12ः00 बजे से लोक सभागार, कलेक्ट्रेट, बाराबंकी में अपर जिलाधिकारी, न्यायिक, बाराबंकी की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें प्रगतिशील कृषक विक्रान्त सैनी, लालजी यादव, देवेन्द्र सिंह, मो0 तुफैल, विरेन्द्र कुमार, शिवमोहन वर्मा सहित अपर जिलाधिकारी, प्रभारी मुख्य पशुचिकित्साधिकारी, बाराबंकी, जिला कृषि अधिकारी, बाराबंकी, अधिशाषी अभियन्ता, विद्युत, रामसनेहीघाट, बाराबंकी, मण्डी सचिव, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, बाराबंकी, अधिशाषी अभियन्ता, सिंचाई, बाराबंकी के साथ ही कृषि एवं सम्वर्गीय विभागों के जनपदस्तरीय अधिकारीगण एवं विभिन्न विकास खण्डों के प्रगतिशील कृषक उपस्थित रहे।
सर्वप्रथम जिला कृषि अधिकारी, बाराबंकी द्वारा विगत किसान दिवस में कृषकों द्वारा प्रस्तुत शिकायतों के सम्बन्ध में सम्बन्धित विभागों की अनुपालन आख्या से अवगत कराया गया। अपर जिलाधिकारी , न्यायिक द्वारा प्रत्येक शिकायत के निस्तारण की बिन्दुवार समीक्षा की गई। इसके उपरान्त किसान भाइयों द्वारा विभिन्न विषयों पर अपनी शिकायतें प्रस्तुत की गई। विक्रान्त सैनी द्वारा अनुरोध किया गया कि मंत्री जी के द्वारा दिये गये निर्देश के अनुक्रम में आलू भण्डारण शुल्क की पुनः समीक्षा करने हेतु कोल्ड स्टोर मालिकों एवं किसान प्रतिनिधियों की बैठक आहूत कराकर उचित कार्यवाही कराई जाये। विकास खण्ड त्रिवेदीगंज के कृषक शिवमोहन वर्मा द्वारा बताया गया कि जलजीवन मिशन के अन्तर्गत अभी तक ग्राम पैकौली, रौनी, त्रिवेदीगंज, बुढ़नापुर, ककरी एवं तेजवापुर आदि में पानी नहीं पहुंच रहा है। विकास खण्ड देवा के कृषक राघवेन्द्र सिंह द्वारा अनुरोध किया गया कि ग्राम उसरहा में कमलेश के खेत गाटा संख्या 101 तक चकमार्ग की पटाई पूर्ण कराई जाये। देवेन्द्र सिंह द्वारा बताया गया कि विकास खण्ड सिद्धौर के ग्राम ढेढिया में अभी तक न टंकी रखी गई है और न ही टोटी लगाई गई है जिससे आमजन को समस्या हो रही है। विक्रान्त सैनी द्वारा अवगत कराया गया कि दुन्दपुरवा पावर हाउस के बरेठी गांव में मुर्गा वाली गली में विजली का खम्भा लगना है। कई बार शिकायत के बाद भी अभी तक नहीं लगा है। यह भी अनुरोध किया गया कि आगामी किसान दिवसों में जनपद के अलग-अलग विकास खण्डों में विभिन्न फसलों की अग्रणी खेती कर रहे किसान भाइयों को सम्मानित किराया जाये ताकि उनका उत्साहवर्धन हो और अन्य किसान भाई भी अच्छी खेती हेतु प्रेरित हो सकें। श्री सैनी द्वारा यह भी बताया गया कि ग्राम पंचायत बहुत, विकास खंड त्रिवेदीगंज में कृषक के मना करने के बावजूद जबरन स्मार्ट मीटर लगाया जा रहा है| लालजी यादव द्वारा बताया गया की देवा ब्रांच में नहर आधी क्षमता से ही चल रही है, यह भी अनुरोध किया गया कि जायद में मेंथा हेतु नहरों में पानी बढ़ाया जाये ताकि किसान भाइयों को समस्या न हो। अपर जिलाधिकारी, न्यायिक द्वारा सम्बन्धित अधिकारियों को समस्याओं के नियमानुसार निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया। सभी अधिकारियों द्वारा आश्वस्त किया गया कि कृषकों द्वारा उठाई गई समस्याओं का यथासम्भव समय से निस्तारण सुनिश्चित कराया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *