रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद के भोपा थाना क्षेत्र में रिश्तों के शक ने एक और खौफनाक वारदात को जन्म दे दिया। पत्नी के कथित अवैध संबंधों के शक और पारिवारिक विवाद से उपजे गुस्से में एक व्यक्ति ने अपने ही परिजनों के साथ मिलकर युवक की दराती से वार कर और गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 23 मार्च को ग्राम शाहदरा बांगर निवासी अर्जुन सिंह ने थाना भोपा में तहरीर देकर बताया था कि मनोज ने अपने भतीजे भरत सिंह और नाबालिग पुत्र के साथ मिलकर उसके भाई अक्षय कुमार की बेरहमी से हत्या कर दी। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई।
तेजी से कार्रवाई करते हुए भोपा पुलिस ने 24 मार्च को जौली से विलायतनगर मार्ग पर दबिश देकर मनोज और भरत सिंह को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया। आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, छुरी और वारदात में प्रयुक्त दराती बरामद की गई है।
पूछताछ में मुख्य आरोपी मनोज ने बताया कि उसे अपनी पत्नी और मृतक अक्षय के बीच अवैध संबंधों का शक था। इसी विवाद के चलते उसकी पत्नी ने आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद मृतक द्वारा उसके नाबालिग बेटे को ताने मारकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था। घटना वाले दिन जब उसका बेटा खेत में चारा काट रहा था, तभी अक्षय वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। इससे आक्रोशित होकर उसने अपने बेटे और भतीजे के साथ मिलकर अक्षय पर दराती से हमला कर गोली मार दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी मनोज का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उस पर पहले भी आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है।
इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे के बाद क्षेत्र में दहशत के साथ-साथ चर्चा का माहौल है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

