रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद की नई मंडी थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो डंडे और एक चाकू भी बरामद किए हैं। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 16 फरवरी 2026 को बागोवाली निवासी गुलशेर ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि गांव के ही साहिद और उसके पुत्रों सहमा व अबूबकर ने उसके भाई पर लाठी-डंडों और चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हालत नाजुक होने के चलते घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 19 फरवरी को उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा बढ़ाते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी।
घटना के खुलासे के लिए थाना प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। टीम लगातार आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर रही थी। इसी क्रम में बुधवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने बागोवाली से सिसौना जाने वाले रास्ते पर मदरसे के पास बने कट से तीनों आरोपियों को घेराबंदी कर दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए दो डंडे और एक चाकू बरामद किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांव के उवेश उर्फ आवेश के परिवार से पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते उन्होंने मिलकर हमला किया, जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी वारदात के बाद से फरार चल रहे थे और अब कहीं भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते उन्हें पकड़ लिया। तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है, वहीं अपराधियों में पुलिस का खौफ साफ नजर आ रहा

