Headlines

गैस कालाबाजारी पर सख्ती, SSP की दो टूक—गड़बड़ी मिली तो होगी कठोर कार्रवाई

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। पुलिस लाइन सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के लिए कड़े निर्देश जारी किए गए। साफ शब्दों में चेतावनी दी गई कि गैस की कालाबाजारी या घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग में किसी भी वितरक की संलिप्तता सामने आई तो उसके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेंद्र कुमार, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी, जिला पूर्ति विभाग, ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधि और सभी गैस वितरक मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को बुकिंग के बैकलॉग के आधार पर ही सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं और गोदामों पर यह जानकारी चस्पा की जाए कि किस तारीख की बुकिंग पर आपूर्ति हो रही है। साथ ही अधिक से अधिक होम डिलीवरी को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए, ताकि भीड़भाड़ और अव्यवस्था से बचा जा सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता द्वारा गैस प्राप्त करने के लिए अनावश्यक दबाव बनाया जाता है या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की जाती है, तो पुलिस पूरी मजबूती से गैस वितरकों के साथ खड़ी है। ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि जिन उपभोक्ताओं के पास पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) और एलपीजी दोनों कनेक्शन हैं, उन्हें एक कनेक्शन तत्काल सरेंडर करना होगा। प्रशासन ने ऐसे उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे नियमों का पालन करते हुए एलपीजी कनेक्शन वापस करें, जिससे जरूरतमंदों को सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
कालाबाजारी और मुनाफाखोरी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने संयुक्त टीमों का गठन किया है, जिनमें नगर मजिस्ट्रेट, जिला पूर्ति अधिकारी, पुलिस अधिकारी और ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हैं। ये टीमें नियमित रूप से छापेमारी और निरीक्षण कर व्यवस्था को दुरुस्त रखेंगी।
गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने प्रतिष्ठानों और गोदामों पर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाएं और यह सुनिश्चित करें कि बिजली कटौती के दौरान भी कैमरे चालू रहें। साथ ही हॉकरों की समय-समय पर जांच करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासन ने आमजन को आश्वस्त किया है कि जनपद में एलपीजी की कोई कमी नहीं है। उपभोक्ता घबराएं नहीं और गैस बुकिंग के लिए ऑनलाइन ऐप, कॉल या व्हाट्सएप जैसी सुविधाओं का उपयोग करें। अधिकारियों ने साफ कहा कि अनावश्यक रूप से एजेंसियों पर भीड़ लगाने से बचें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *