पेट्रोल-डीजल और गैस को लेकर घबराने की जरूरत नहीं, जनपद में पर्याप्त स्टॉक

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि किसी प्रकार की कमी नहीं है। जिला पूर्ति अधिकारी ओम हरि उपाध्याय ने बताया कि जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। इसलिए लोगों को अफवाहों पर ध्यान देने के बजाय संयम बनाए रखने की अपील की गई है।
जिलाधिकारी द्वारा पेट्रोलियम पदार्थों और एलपीजी गैस की आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान विक्रय अधिकारी (गैस) और आपूर्ति विभाग के अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि गैस एजेंसियों के माध्यम से सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति जारी है और कहीं भी आपूर्ति बाधित नहीं है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि एलपीजी के पारदर्शी वितरण के लिए ओटीपी आधारित डिलीवरी व्यवस्था लागू है, जिससे उपभोक्ताओं को नियमानुसार गैस सिलेंडर मिल सके। हालांकि एक साथ बड़ी संख्या में कनेक्शनधारकों द्वारा बुकिंग करने के कारण कभी-कभी सर्वर पर तकनीकी समस्या आ जाती है, लेकिन इसे जल्द ही सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या अवैध बिक्री रोकने के लिए सख्त निगरानी की जा रही है। इसके लिए नगर मजिस्ट्रेट, आपूर्ति विभाग, बाट-माप विभाग, ऑयल कंपनी के अधिकारियों और पुलिस की संयुक्त टीमें गठित कर दी गई हैं, जो समय-समय पर जांच और छापेमारी की कार्रवाई कर रही हैं।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह या घबराहट से बचें और आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल या गैस की खरीद करें। किसी भी प्रकार की समस्या या जानकारी के लिए तहसील स्थित आपूर्ति कार्यालय अथवा जिला पूर्ति कार्यालय मुजफ्फरनगर से संपर्क किया जा सकता है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने दोबारा भरोसा दिलाया कि जनपद में एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रूप से संचालित की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *