रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। थाना छपार क्षेत्र में छह वर्षीय मासूम के साथ दरिंदगी की सनसनीखेज वारदात के बाद फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गुरुवार शाम मुठभेड़ के दौरान दबोच लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक देशी तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार छपार थाना क्षेत्र के गांव बढ़ेड़ी निवासी एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव का ही रहने वाला सुक्रमपाल उसके छह वर्षीय बेटे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ गलत काम किया। घटना के दौरान मासूम की आंख पर भी चोट आई। यह वारदात 11 मार्च को गांव रेई के पास हुई बताई गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल बीएनएस की धारा 137(2), 115(2), पॉक्सो एक्ट की धारा 5एम/6 तथा एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।

गुरुवार शाम थाना प्रभारी मोहित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी रेई सड़क के कच्चे रास्ते की ओर मौजूद है। पुलिस टीम ने जब उसे घेरने का प्रयास किया तो आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी सुक्रमपाल पुत्र सोहरण निवासी ग्राम बढ़ेड़ी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक अदद देशी तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में भी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मोहित कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सुनील कुमार, उपनिरीक्षक अनुराग सिंह, कांस्टेबल मोहित कुमार, सुमित कुमार और अंकित कुमार की टीम शामिल रही। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

