रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। भोपा रोड स्थित ग्राम मखियाली चौकी के निकट निर्मित आधुनिक निरीक्षण भवन का शुक्रवार को प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, नगर पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान समेत कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।
लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड द्वारा करीब ₹211.47 लाख की लागत से तैयार यह आधुनिक निरीक्षण भवन जनपद में आने वाले प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सरकारी कार्यों के संचालन के लिए महत्वपूर्ण सुविधा प्रदान करेगा। माना जा रहा है कि इस भवन के शुरू होने से प्रशासनिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और जिले में विकास कार्यों के संचालन में भी सुगमता आएगी।
लोकार्पण के मौके पर नगर विधायक एवं प्रदेश सरकार में कौशल विकास, व्यावसायिक शिक्षा एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। सड़कों, सरकारी भवनों और सार्वजनिक सुविधाओं के तेजी से हो रहे विकास से प्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक प्रभावी हो रही है तथा आम जनता को भी बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य पारदर्शिता और सुशासन के साथ विकास को गति देना है। इसी कड़ी में जनपद में आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवनों का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे सरकारी कार्यों को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सके। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निरीक्षण भवन का नियमित रखरखाव और व्यवस्थित उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि लंबे समय तक इसका लाभ जनता और प्रशासन दोनों को मिलता रहे।
कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों के लिए सरकार के प्रति आभार जताया।
इस मौके पर नगर पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप, जिला उपाध्यक्ष संजय गर्ग, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, रूपेंद्र सैनी, मंडल अध्यक्ष अमित शास्त्री, प्रवीण खेड़ा, नंद किशोर, दीपक मित्तल, सुनील दर्शन, रोहतास पाल, सुषमा पुंडीर, रेनू गर्ग, सुधीर खटीक, कपिल त्यागी, अजय सागर, राकेश बिंदल, पंकज अग्रवाल, कुश पुरी, विपुल भटनागर, अमित गर्ग, अभिषेक अग्रवाल, जितेंद्र कुच्छल, ब्रह्मप्रकाश शर्मा, परमेश सैनी, राजकुमार सिद्धार्थ, सभासद राजीव शर्मा, मनोज वर्मा, रजत धीमान, योगेश मित्तल, राहुल पंवार, प्रशांत चौधरी, सुधीर आर्य, प्रमोद राठी, विशाल खोकर, रविंद्र भंन्दुरा, दीपांकर गौतम, अधिशासी अभियंता अनिल कुमार राणा, मुख्य विकास अधिकारी देशभूषण, कमल किशोर कांडारकर, सिटी मजिस्ट्रेट सहित अनेक अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

