रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर -मीरापुर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मीरापुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर बुजुर्ग महिला से कुंडल लूट की घटना का खुलासा कर दिया। दोनों बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार 27 फरवरी को पड़ाव चौक पर एक बुजुर्ग महिला से बाइक सवार बदमाशों ने कुंडल लूट लिए थे। घटना के बाद से पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई थी। रविवार को कुतुबपुर झाल के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और भागने लगे।
पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई और वे घायल होकर गिर पड़े। पुलिस ने मौके पर ही दोनों को दबोच लिया और अस्पताल भिजवाया। पूछताछ में उनकी पहचान मेहरबान पुत्र शब्बीर और असलम पुत्र अमानतशाह निवासी अमरोहा के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार मेहरबान के खिलाफ लूट, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट सहित 12 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि असलम पर विभिन्न जनपदों में करीब 11 मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से बुजुर्ग महिला से लूटे गए पीली धातु के दो कुंडल, दो तमंचे 315 बोर मय कारतूस और खोखा तथा घटना में प्रयुक्त नीले रंग की बुलेट मोटरसाइकिल (UP23 AF 0733) बरामद करने का दावा किया है।
इस मुठभेड़ और घटना के सफल अनावरण में प्रभारी निरीक्षक राजीव शर्मा, उपनिरीक्षक ओमेन्द्र सिंह, मोहित कुमार और उनकी टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए इसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकेत बताया।

