Headlines

महिला दिवस पर दौड़ी बेटियां, पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने दिखाई हरी झंडी

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जनपद में बालिकाओं के उत्साह और प्रतिभा का अनोखा संगम देखने को मिला। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित जनपद स्तरीय बालिका दौड़ प्रतियोगिता में सैकड़ों बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद मुज़फ्फरनगर की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान उन्होंने बालिकाओं और खिलाड़ियों के साथ सेल्फी लेकर उनका उत्साह भी बढ़ाया।
कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमल किशोर देश भूषण के निर्देशन में “ASMITA – खेल से ही है पहचान” अभियान के अंतर्गत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला युवा अधिकारी प्रतिभा शर्मा के स्वागत संबोधन से हुई, जिसमें उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें अंगवस्त्र व सम्मान प्रतीक भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि मीनाक्षी स्वरूप ने उपस्थित बालिकाओं और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने बालिकाओं से खेल को अपने जीवन का हिस्सा बनाने और आगे बढ़कर देश व समाज का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
बालिका दौड़ प्रतियोगिता तीन आयु वर्गों में आयोजित की गई, जिसमें 13 वर्ष से कम आयु वर्ग, 13 से 18 वर्ष आयु वर्ग तथा ओपन वर्ग शामिल रहे। तीनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं को मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों द्वारा ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव कुमार ने किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रियंका (प्रबंधक), चंचल (परामर्शदाता), छवि (अधिवक्ता), भूपेंद्र यादव (जिला क्रीड़ा अधिकारी), मनोज पुंडीर (सचिव), पूनम विश्नोई (उप जिला क्रीड़ा अधिकारी), कुलदीप सिवाच (प्रधानाचार्य), बबिता शर्मा (वार्डन) और दिव्या हांडा उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विजय कुमार युवा चैंपियन, समस्त खेल कोच, ओसामा और कु. भावना की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में जिला क्रीड़ा अधिकारी ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *