रिपोर्ट – हरीश


हमीरपुर। आगामी पर्व होलिका दहन, होली, रमजान का अन्तिम शुक्रवार (अलविदा) की नमाज एवं ईद-उल-फितर के दृष्टिगत जनपद में शान्ति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट स्थित डा. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में जिला पीस कमेटी की बैठक जिलाधिकारी घनश्याम मीना की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डा. दीक्षा शर्मा की उपस्थिति में संपन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद के गणमान्य व्यक्तियों से सुझाव व समस्याओं का अनुश्रवण करते हुए कहा कि आगामी त्यौहार होली व रमजान से संबंधित जुलूस एवं अन्य कार्यक्रम परंपरागत ढंग तथा शांतिपूर्ण तरीके से प्रेम व भाईचारे के साथ आयोजित किए जाएं। होलिका दहन स्थलों के आसपास तथा अन्य संबंधित स्थलों पर जर्जर विद्युत तारों को दुरुस्त किया जाए ताकि शॉर्ट सर्किट से उत्पन्न होने वाली समस्याओं को रोका जा सके। उन्होने समस्त उपजिलाधिकारियों व क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी पर्वाे से संबंधित संवेदनशील स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। सभी स्थलों पर आवश्यकतानुसार पुलिस कर्मी तैनात कर दिए जाएं तथा यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए। जुलूसों के दौरान डीजे पर किसी भी प्रकार के धार्मिक उन्माद फैलाने वाले अथवा अश्लील गाने न बजाए जाएं। होली व ईद-उल-फितर पर्व के दौरान किसी भी दशा में विद्युत कटौती न हो, यह सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम व सीओ तथा अन्य संबंधित अधिकारी गण संवेदनशील स्थानों पर विशेष ध्यान दें। पुलिस विभाग अराजक व असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखे और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था होने पर तुरन्त कार्यवाही करे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने डीपीआरओ एवं नगर निकायों के समस्त अधिशाषी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर साफ-सफाई सुनिश्चत करायी जाए। आगामी सभी पर्वाे के दौरान निर्वाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करायी जाए। जनपद में कहीं भी नकली शराब बनने एवं अवैध शराब के परिवहन की शिकायत कदापि नही मिलनी चाहिए। खाद्य पदार्थाे में मिलावट की रोकथाम हेतु नियमित रूप से अभियान चलाकर कार्यवाही की जाए। जनपद में कहीं पर भी कालाबाजारी से संबंधित शिकायत नही मिले। उन्होने समस्त उपजिलाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वास्तव में जो लोग माहौल खराब कर सकते है, उन्हीं पर निरोधात्मक कार्यवाही की जाए। गरीब आदमी पर अनावश्यक रूप से 107/116 की कार्यवाही कदापि न करें। आगामी पर्वाे के दृष्टिगत छुट्टा पशुओं को पकड़ने का विशेष अभियान चलाकर उन्हें संरक्षित किया जाए। यह भी कहा कि सोशल मीडिया की कड़ी निगरानी की जाए और किसी भी तरह का भड़काऊ पोस्ट करने या माहौल खराब करने वाले अराजकतत्वों पर तुरन्त कार्यवाही की जाए। उन्होने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनपद के लोगो ने अब तक एकता और भाई-चारे की मिसाल पेश की है, इसे बरकरार रखा जाए और सभी आगामी पर्व मिलजुल कर प्रेम एवं सौहार्द के साथ शान्तिपूर्वक ढंग से मनाए जाएं। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, एडीएम न्यायिक रिजवाना शाहिद, एडीएम नमामि गंगे सुरेश कुमार सहित सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारी तथा पीस कमेटी के सदस्य एवं विभिन्न धर्म एवं समुदायों के गणमान्य व्यक्ति आदि मौजूद रहे।
