एसआईआर अभियान को लेकर नगर पालिका सभागार में बड़ी बैठक, नगर मजिस्ट्रेट ने सभासदों को दी अहम जिम्मेदारी

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद सभागार में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर ने की। इस बैठक में नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर के सभी सभासदों की अनिवार्य सहभागिता रही, जिससे अभियान को जमीनी स्तर तक सफल बनाने की रणनीति तय की जा सके।
बैठक में सभी सभासदों को फार्म-6 वितरित किए गए। नगर मजिस्ट्रेट ने विस्तार से बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने अथवा त्रुटि सुधार के लिए फार्म-6 की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फार्म-6 को आधार कार्ड संलग्न कर भरा जा सकता है, जिससे सत्यापन की प्रक्रिया आसान और पारदर्शी हो सकेगी। साथ ही फार्म भरते समय किन-किन बातों का विशेष ध्यान रखना है, इसकी भी पूरी जानकारी सभासदों को दी गई।
नगर मजिस्ट्रेट ने कहा कि एसआईआर अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और अपात्र नामों को समय रहते हटाया जा सके। इसके लिए सभासदों की भूमिका सबसे अहम है, क्योंकि वे सीधे जनता से जुड़े हुए हैं। उन्होंने सभासदों से अपील की कि वे अपने-अपने वार्डों में जाकर नागरिकों को फार्म-6 भरने के लिए प्रेरित करें और लोगों की शंकाओं का समाधान कराएं।
बैठक में नो-मैपिंग नोटिस को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि नो-मैपिंग नोटिस क्यों जारी किए जाते हैं, इसका उद्देश्य क्या है और नागरिकों को इससे घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि सही दस्तावेज प्रस्तुत कर नो-मैपिंग से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराया जा सकता है। इस संबंध में भी सभासदों को पूरी प्रक्रिया समझाई गई, ताकि वे अपने वार्डवासियों को सही मार्गदर्शन दे सकें।
बैठक के दौरान कई सभासदों ने अपने-अपने वार्डों से जुड़ी समस्याओं और व्यावहारिक कठिनाइयों को भी रखा, जिस पर नगर मजिस्ट्रेट ने समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की मंशा पूरी तरह से पारदर्शी और जनहितकारी है और एसआईआर अभियान को सफल बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
अंत में नगर मजिस्ट्रेट ने कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समयबद्ध तरीके से अभियान को पूर्ण किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *