अवधी फिल्म दंश की शूटिंग शुरू, महिला प्रधान फिल्म समाज को दिखाएगी आईना

Spread the love

नदीम जावेद के निर्देशन में बन रही एक और सामाजिक फिल्म

एन जे फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले शुरू हुई अवधी फिल्म दंश की शूटिंग

विधवा महिला के शोषण और संघर्ष की कहानी दिखाएगी फिल्म

रिपोर्ट- अनिल कुमार

फतेहपुर। एन जे फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही अवधी फीचर फिल्म दंश की शूटिंग जनपद के विभिन्न लोकेशनों पर शुरू हो चुकी है। यह एक महिला प्रधान फिल्म है, जो सामाजिक कुरीतियों और शोषण के खिलाफ सशक्त संदेश देती नजर आएगी।
फिल्म की कहानी एक विधवा महिला के जीवन पर आधारित है, जिसे समाज में लगातार शोषण और अन्याय का सामना करना पड़ता है। लेकिन जब वही महिला अपने हक और सम्मान के लिए संघर्ष का रास्ता अपनाती है, तो वह दुर्गा से काली के रूप में कैसे रूपांतरित होती है, यही इस फिल्म का मूल कथानक है। दंश फिल्म समाज के उस वर्ग पर तीखा कटाक्ष करती है, जहाँ आज भी गरीब और कमजोर लोगों पर अत्याचार जारी है। फिल्म के निर्माता एवं निर्देशक नदीम जावेद ने बताया कि उनका बैनर शुरू से ही समाज से जुड़ी विषयवस्तु पर फिल्में बनाता आया है और आगे भी इस परंपरा को जारी रखेगा, उन्होंने कहा कि एन जे फिल्म प्रोडक्शन हमेशा जनपद की स्थानीय प्रतिभाओं को प्राथमिकता देता रहा है और आगे भी देता रहेगा। फिल्म से जुड़े सभी कलाकार पूरी मेहनत और लगन से काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में उनके बैनर से बनी फिल्म रहनुमा रिलीज हुई थी, जिसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिला। इससे पहले नदीम जावेद के निर्देशन में बनी लिफाफा, नालायक, आभागिन, आभागिन-2 और घुटन जैसी फिल्में आज भी चर्चा में हैं। खासकर घुटन जनपद में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली फिल्मों में अपना रिकॉर्ड बनाए हुए है। फिल्म दंश की कहानी प्रतिभा सुरेश खांडेकर ने लिखी है। मुख्य कलाकारों में अनिल मौर्या, आरती गुप्ता, विकाश ओबेरॉय, ज्योति गुप्ता, कुलदीप कुमार, किरण गौतम, विनोद गुरु, सैय्यद शारिब क़मर अज़मी, राम श्रीवास्तव, विनोद गुप्ता, वेद प्रकाश सहित कई कलाकार शामिल हैं। फिल्म की शूटिंग अभी लगभग पाँच दिनों तक चलेगी। इसके बाद दंश को जल्द ही एन जे फिल्म प्रोडक्शन के यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया जाएगा। वहीं, प्रोडक्शन हाउस की आगामी फिल्में नालायक-2 और लिफाफा-2 की शूटिंग भी शीघ्र शुरू होने वाली है। निर्माता नदीम जावेद ने बताया कि जनपद का कोई भी इच्छुक कलाकार उनके प्रोडक्शन के साथ काम कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *