रिपोर्ट – एकरार खान

गाजीपुर। ऑपरेशन रक्षा के तहत सोमवार को प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने जिले में संचालित कई स्पा सेंटरों पर अचानक छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया। एसडीएम सदर के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन और एसजेपीयू (स्पेशल जुवेनाइल पुलिस यूनिट) की टीम ने बीएमडब्लू स्पा सेंटर समेत कुल तीन स्पा सेंटरों पर कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान टीम ने स्पा सेंटरों में मौजूद कर्मचारियों और अभिलेखों की गहन जांच की। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई बाल संरक्षण, महिलाओं की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों की रोकथाम को लेकर चलाए जा रहे ऑपरेशन रक्षा के तहत की गई है। निरीक्षण के समय स्पा सेंटरों में काम कर रहे कर्मियों के पहचान पत्र, रजिस्टर, लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई।
सूत्रों के अनुसार, कुछ स्पा सेंटरों में नियमों के उल्लंघन की आशंका पर संबंधित संचालकों को कड़ी चेतावनी दी गई है, वहीं कमियों के पाए जाने पर आगे की विधिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। एसजेपीयू की टीम ने विशेष रूप से यह सुनिश्चित किया कि किसी भी प्रकार से नाबालिगों का शोषण या अनैतिक गतिविधियां न हो रही हों।
प्रशासनिक अधिकारियों ने साफ कहा कि जिले में अवैध रूप से संचालित स्पा सेंटरों और अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
छापेमारी की खबर से जिले के अन्य स्पा सेंटर संचालकों में भी खलबली मची हुई है।
