रिपोर्ट – देवांशु गिरि

जालौन। जिले के एट थाना क्षेत्र में लगभग 20 दिन पहले हुई एक संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस के द्वारा चार्जशीट दाखिल न करने को लेकर मृतक के परिजनों ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक के कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। मृतक की पत्नी ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देते हुए आरोप लगाया कि उसके पति की हत्या की गई थी, लेकिन लगभग तीन सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस ने मामले में चार्जशीट दाखिल नहीं की है।
बता दें कि मामला एट थाना क्षेत्र का है, जहां करीब 20 दिन पहले बसंत कुमार की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मृतक की पत्नी ने थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, बसंत कुमार के सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले थे और सिर की चोट ही मौत का कारण बनी थी। परिवार ने आरोप लगाया कि यह हत्या का मामला है।
वहीं, पुलिस के रवैए से तंग आकर परिजन और ग्रामीण सोमवार को एकत्रित हुए और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने नारेबाजी करते हुए नामजद अभियुक्त की तत्काल गिरफ्तारी और ठोस कार्रवाई की मांग की। मृतक की पत्नी सुनीता देवी के द्वारा एसपी को सौंपे गए शिकायती पत्र में कई गंभीर आरोप लगाए गए है। मृतक की पत्नी का कहना है कि घटना को 20 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार नहीं किया है। अभियुक्त दबंग और प्रभावशाली है जिनके 2-3 पेट्रोल पंप हैं। एट थाना की पुलिस जानबूझकर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है और मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। कई बार थाना गई, लेकिन हर बार पुलिस ने कार्यवाही जारी है कहकर टालमटोल की।
इस प्रदर्शन के बाद पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार ने परिवार की शिकायत को गंभीरता से लिया है और संबंधित थाना प्रभारी से तत्काल जवाब तलब किया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, जांच में किसी भी तरह की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
