रिपोर्ट – जाहिद अंसारी

सहारनपुर। सड़क हादसों पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा को लेकर सहारनपुर पुलिस ने सख़्त रुख अपनाया है। पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी के निर्देश पर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में क्रिटिकल कॉरिडोर टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों यानी ब्लैक स्पॉट को चिन्हित कर लगातार सघन चेकिंग अभियान चला रही हैं।
सहारनपुर जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत हाईवे, मुख्य मार्गों और शहरी इलाकों में पुलिस की कड़ी निगरानी देखने को मिल रही है। क्रिटिकल कॉरिडोर टीम द्वारा दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने, तेज रफ्तार से वाहन न चलाने और नशे की हालत में ड्राइविंग से बचने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मौके पर ही चालान की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई नहीं, बल्कि लोगों में सड़क सुरक्षा को लेकर जिम्मेदारी की भावना पैदा करना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
क्षेत्राधिकारी रुचि गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देते हुए क्रिटिकल कॉरिडोर टीम लगातार चेकिंग कर रही है। हमारा उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।”
