रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ़्फ़रनगर। जनपद में महिला स्नैचिंग की वारदातों पर शिकंजा कसते हुए थाना सिविल लाइन पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। सिविल लाइन इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार के नेतृत्व में की गई देर रात की कार्रवाई में महिला से चैन स्नैचिंग के मामले में वांछित और 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई उस समय हुई जब सिविल लाइन थाना पुलिस संधावली अंडरपास के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुज़फ़्फ़रनगर बाईपास की ओर से बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार एक संदिग्ध आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर वह पीछे की ओर बाइक मोड़कर भागने लगा, लेकिन संतुलन बिगड़ने से मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद बदमाश बाइक छोड़कर पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग करते हुए फरार होने लगा।

पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन बदमाश ने दोबारा फायर झोंक दिया। हालात को देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश परवेज आलम उर्फ टेप गोली लगने से घायल हो गया। उसे मौके पर ही दबोच लिया गया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
गिरफ्तार बदमाश के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
महिला से चैन स्नैचिंग कबूली
पूछताछ में परवेज आलम उर्फ टेप ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी उवैश उर्फ शूटर के साथ मिलकर मुज़फ़्फ़रनगर के जीआईसी ग्राउंड के सामने एक महिला से चैन व लॉकेट की स्नैचिंग की थी। उसका साथी पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ चुका था, जबकि वह गिरफ्तारी के डर से छिपकर रह रहा था। किसी नई वारदात को अंजाम देने की नीयत से वह दोबारा मुज़फ़्फ़रनगर आया था।
कई राज्यों में दर्ज हैं दर्जनों मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक परवेज आलम उर्फ टेप शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके खिलाफ मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर, नोएडा और दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, स्नैचिंग, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह सिविल लाइन थाना में दर्ज मु0अ0सं0 99/2025 में भी वांछित चल रहा था, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस का कहना है कि अभियुक्त के आपराधिक नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के संबंध में गहन जांच की जा रही है। मुठभेड़ के बाद यह गिरफ्तारी जनपद में सक्रिय स्नैचिंग गिरोह के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है।
