रेलवे ट्रैक पर बड़ा खतरा टला, पेंड्रोल क्लिप चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर


मुजफ्फरनगर।
मुज़फ्फ़रनगर में रेलवे ट्रैक से छेड़छाड़ कर बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह पर पुलिस ने करारा प्रहार किया है। थाना मंसूरपुर पुलिस ने पेंड्रोल क्लिप चोरी के छह मामलों का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर चोरों और चोरी का माल खरीदने वाले एक कबाड़ी को धर दबोचा है। पुलिस की इस कार्रवाई से न सिर्फ करोड़ों की रेलवे संपत्ति बची है, बल्कि ट्रेनों की सुरक्षा पर मंडरा रहा बड़ा खतरा भी टल गया है।

दरअसल, मंसूरपुर इलाके में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और रेलवे ट्रैक से लगातार पेंड्रोल क्लिप चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। पेंड्रोल क्लिप रेलवे ट्रैक का बेहद अहम हिस्सा होती है और इसकी चोरी से रेल हादसे तक की आशंका बन जाती है।
लगातार बढ़ रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष टीमें गठित कीं। 31 दिसंबर की रात चेकिंग के दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर एनएच-58 से बेगराजपुर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी की गई। इसी दौरान पुलिस ने तीन शातिर चोरों और एक कबाड़ी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 326 पेंड्रोल क्लिप, एक महेंद्र ट्रैक्टर-ट्रॉली, दो अवैध तमंचे मय जिंदा कारतूस और एक चाकू बरामद किया है। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी पहले रेलवे ट्रैक की रेकी करते थे और फिर सुनसान इलाकों में रात के अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी को अंजाम देते थे। चोरी किया गया सामान सीधे कबाड़ी को बेचा जाता था।
पुलिस के मुताबिक यह गिरोह मंसूरपुर ही नहीं, बल्कि मेरठ जनपद के कई थाना क्षेत्रों में भी सक्रिय था। चोरी की गई पेंड्रोल क्लिप और मेटल लाइनर को गलाकर बेच दिया जाता था, जिससे गिरोह को मोटा मुनाफा होता था। चोरी का माल ढोने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली का इस्तेमाल किया जाता था।
इस कार्रवाई से न केवल छह मामलों का खुलासा हुआ है, बल्कि रेलवे ट्रैक से छेड़छाड़ करने वाले अपराधियों के लिए पुलिस ने सख्त चेतावनी भी जारी की है। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कहा रेलवे ट्रैक से पेंड्रोल क्लिप चोरी की घटनाएं बेहद गंभीर थीं और इससे रेल संचालन की सुरक्षा को सीधा खतरा था। मंसूरपुर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए छह मामलों का सफल अनावरण किया है। तीन शातिर चोरों और एक कबाड़ी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का सामान और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। रेलवे संपत्ति की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *