Headlines

प्रदूषण और न्यूमैक्स सिटी पर कार्यवाही की मांग को लेकर टावर पर चढ़ा युवक

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर


मुजफ्फरनगर। थाना नई मंडी क्षेत्र के रेलवे स्टेशन परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़े युवक की पहचान अजय पंडित के रूप में हुई, जिसने न्यूमैक्स सिटी की जांच और बढ़ते प्रदूषण पर कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। युवक ने आरोप लगाया कि उसने इस संबंध में 71 पेज की विस्तृत शिकायत प्रशासन को सौंपी है, लेकिन इसके बावजूद अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। टावर पर चढ़े अजय पंडित ने एक पोस्टर के माध्यम से अपनी मांगें सार्वजनिक कीं, जिसे उसने टावर पर लटका दिया। प्रदर्शनकारी ने न्यूमैक्स सिटी की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र में लगातार बढ़ते औद्योगिक प्रदूषण से आमजन का जीवन खतरे में पड़ गया है।

अजय पंडित ने आरोप लगाया कि आसपास की पेपर मिलों और चीनी मिलों में खुलेआम कूड़ा-कचरा जलाया जा रहा है, जिससे जहरीली गैसें वातावरण में घुल रही हैं। उन्होंने कहा कि चांदपुर, मखियली, भंडूरा, भिक्की, निराना, जदौड़ा, बेगराजपुर और बुपाड़ा जैसे गांवों में कैंसर पीड़ितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, लेकिन जिला प्रशासन इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है।

प्रदर्शनकारी का कहना है कि जब तक न्यूमैक्स सिटी समेत प्रदूषण फैलाने वाले सभी स्रोतों की जांच कर ठोस कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक वह आवाज उठाता रहेगा। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारियों ने युवक को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया। घटना को लेकर क्षेत्र में देर तक चर्चा का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *