बागपत में एएसपी ने पुलिस बल के साथ निकाला पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था पर दिया जोर

Spread the love

अपराध नियंत्रण व शांति-व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद तेज

रिपोर्ट – विरेन्द्र तोमर

बागपत। बागपत जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा आमजन में सुरक्षा का भाव मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने कस्बा बागपत में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की। गश्त के दौरान उन्होंने बाजार क्षेत्र, मुख्य मार्ग, भीड़-भाड़ वाले चौराहों और सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की।एएसपी ने व्यापारियों, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी सुरक्षा संबंधी समस्याओं की जानकारी भी ली। उन्होंने बताया कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनता में भरोसा पैदा करना और अपराधियों में भय कायम रखना है। इसी क्रम में जिलेभर में नियमित पैदल गश्त, चेकिंग अभियान और रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाया जा रहा है।अपर पुलिस अधीक्षक ने साथ मौजूद अधिकारियों और पुलिस टीम को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाए। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी, यातायात व्यवस्था में सुधार, व्यापारिक प्रतिष्ठानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा महिलाओं की सुरक्षा के लिए सतर्क दृष्टि बनाए रखने के निर्देश दिए गए।उन्होंने कहा कि त्योहारों व बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस का फोकस फुट पेट्रोलिंग, एंटी-रोमियो स्क्वॉड की तैनाती और संवेदनशील स्थानों पर विशेष चेकिंग रहेगा। एएसपी ने आमजन से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।पैदल गश्त के दौरान क्षेत्रीय अधिकारी, बीट पुलिसकर्मी तथा अन्य पुलिस बल मौजूद रहा। गश्त के कारण बाजार में कानून-व्यवस्था की उपस्थिति का स्पष्ट प्रभाव दिखा और लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *