चकबंदी विभाग के खिलाफ चल रहा धरना पांचवें दिन हुआ स्थगित

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। चरथावल क्षेत्र के गांव दूधली में चकबंदी विभाग की कथित अनियमितताओं और किसानों पर हो रहे उत्पीड़न के विरोध में चल रहा किसान मजदूर संगठन का धरना ADM प्रशासन के आश्वासन के बाद शुक्रवार को पांचवें दिन समाप्त हो गया।

धरने को समर्थन देने के लिए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह भी शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने किसानों की समस्याओं को विस्तार से सुनकर मौके पर मौजूद एडीएम प्रशासन संजय सिंह से बातचीत की। ठाकुर पूरन सिंह ने कहा कि चकबंदी विभाग के गलत और पक्षपातपूर्ण निर्णयों के कारण किसान मानसिक और आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं, जिसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

किसानों का कहना है कि चकबंदी विभाग के कर्मचारियों द्वारा खेतों की माप में गड़बड़ी, जमीन में प्रस्तावित बदलावों पर किसानों की राय न लेना, आपत्तियों को नजरअंदाज करना और दबाव बनाकर निर्णय लागू करने जैसी शिकायतें लंबे समय से उठ रही हैं। किसानों ने चेतावनी दी थी कि समस्याओं का समाधान न होने पर धरना अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा।
मौके पर पहुंचे एडीएम संजय सिंह ने किसानों को आश्वस्त किया कि सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और चकबंदी से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए अधिकारियों की टीम जल्द ही गांव में जाकर स्थल निरीक्षण करेगी। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों को सर्वाेपरि रखते हुए पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

प्रशासन द्वारा सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद किसानों ने उम्मीद जताई कि समस्याओं का समाधान जल्द होगा, जिसके बाद किसान मजदूर संगठन ने अपना धरना स्थगित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *