26 नवंबर को मुजफ्फरनगर में होगा आजाद समाज पार्टी का शक्ति प्रदर्शन, चंद्रशेखर रावण करेंगे जनता को संबोधित

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। आगामी 26 नवंबर को जनपद मुजफ्फरनगर के जीआईसी मैदान में आजाद समाज पार्टी की ओर से एक विशाल रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस भव्य जनसभा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ‘रावण’ शिरकत करेंगे और जनता को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं, वहीं पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में इस जनसभा को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चित्तौड़ ने बताया कि आजाद समाज पार्टी गरीब तबके, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक समाज की सच्ची आवाज है। उन्होंने कहा कि जिन वर्गों की आवाज को मुख्यधारा की राजनीति में दबाया गया, आजाद समाज पार्टी उन्हीं लोगों की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस रैली को ऐतिहासिक सफलता दिलाएं। चित्तौड़ ने कहा कि आज समाज में शोषण बढ़ रहा है, शिक्षा व्यवस्था बदहाल है, और आरक्षण को लेकर भी लगातार अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो 49 प्रतिशत आरक्षण तय है, उसमें भी केवल 12 प्रतिशत का ही लाभ दिया जा रहा है। यह सामाजिक न्याय के साथ खुला धोखा है, जिसे आजाद समाज पार्टी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि चंद्रशेखर आजाद रावण पर लगने वाले आरोप राजनीतिक साजिश का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि “रावण जी समाज की आवाज हैं, उनके खिलाफ झूठ फैलाने का काम किया जा रहा है, लेकिन सच्चाई हमेशा न्यायालय में साबित होगी। जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं, उनकी जांच अदालत करेगी, न कि सड़क पर बयानबाजी से फैसला होगा।” मुजफ्फरनगर की यह रैली आगामी विधानसभा चुनावों से पहले आजाद समाज पार्टी का शक्ति प्रदर्शन मानी जा रही है। पार्टी की ओर से जिलेभर में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में शामिल हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *