36 घंटे में खुला पशु चोरी का राज, मुठभेड़ में एक घायल समेत दो शातिर गिरफ्तार

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद की मंसूरपुर पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर पशु चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए मुठभेड़ के बाद दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक अन्य साथी अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी की तीन गायें और वारदात में प्रयुक्त पिकअप ट्रक बरामद किया है।


थाना मंसूरपुर क्षेत्र के गांव मोरकुक्का निवासी विकास कुमार ने 30 अप्रैल को अपनी तीन गाय चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी विपिन त्यागी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को 1-2 मई की रात निजामपुर-मुबारिकपुर रोड पर संदिग्ध पिकअप वाहन दिखाई दिया।
पुलिस ने जब वाहन को रुकने का इशारा किया तो चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन खेत में गाड़ी फंस गई। इसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। मौके से एक अन्य आरोपी को दबोच लिया गया, जबकि तीसरा फरार हो गया।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे पशु चोरी कर उन्हें बाजार में बेचकर अवैध कमाई करते थे। बरामद गायें मोरकुक्का गांव से ही चोरी की गई थीं, जिन्हें बेचने के लिए ले जाया जा रहा था।
घायल आरोपी की पहचान प्रियांशु उर्फ निक्की निवासी मुकल्लमपुर और दूसरे आरोपी की पहचान इरफान अंसारी निवासी भैसी के रूप में हुई है। फरार आरोपी तालिब निवासी रुड़की की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और फरार बदमाश की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। इस सफल कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता का संदेश गया है और पशु चोर गिरोहों में हड़कंप मच गया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *