स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर CMO का सख्त रुख, जानसठ-मीरापुर में औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जानसठ और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मीरापुर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। अचानक हुए इस निरीक्षण से स्वास्थ्य केंद्रों में हड़कंप की स्थिति बन गई और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने ओपीडी, दवा वितरण कक्ष, प्रसूति कक्ष, लैब और वार्डों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने साफ तौर पर निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण इलाज मिलना चाहिए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई को लेकर भी उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।


सीएमओ ने मरीजों से सीधे संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत जानी। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खामियों को तत्काल सुधारने के निर्देश दिए और स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इसके बाद मीरापुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण में टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं और दवा उपलब्धता का गहन अवलोकन किया गया। सीएमओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नियमित टीकाकरण कार्यक्रम और संचारी रोग नियंत्रण अभियान को पूरी गंभीरता के साथ चलाया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावी रूप से पहुंच सकें।
सीएमओ के इस औचक निरीक्षण से यह साफ संकेत मिला है कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही करने वालों पर अब सख्त कार्रवाई तय है और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन कोई कोताही नहीं बरतेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *