2027 का बिगुल: हरेंद्र मलिक के बड़े ऐलान, किसानों को 24 घंटे में भुगतान, 300 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर


मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व मुजफ्फरनगर सांसद हरेंद्र मलिक ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बिगुल फूंक दिया है। बालाजी चौक स्थित एक रेस्टोरेंट में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने किसानों, युवाओं और आम जनता के लिए बड़े वादों की झड़ी लगा दी। मलिक ने दावा किया कि वर्ष 2027 में ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार बनते ही उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल जाएगी।

उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर किसानों के हित में ₹15,000 करोड़ का रिवॉल्विंग फंड बनाया जाएगा। जैसे ही किसान की गन्ना पर्ची कंप्यूटर पर दर्ज होगी, 24 घंटे के भीतर भुगतान सीधे किसान के बैंक खाते में भेज दिया जाएगा। किसानों को अपने ही पैसे के लिए वर्षों तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
बिजली के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए सांसद ने कहा कि स्मार्ट मीटर जनता पर आर्थिक बोझ बन चुके हैं। उन्होंने घोषणा की कि सत्ता में आते ही स्मार्ट मीटर हटाए जाएंगे और किसानों समेत आम उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जाएगी।
कानून व्यवस्था पर हमला बोलते हुए हरेंद्र मलिक ने जिले की स्थिति को बदहाल बताया। उन्होंने प्रदेश के एक राज्यमंत्री पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया और कहा कि सत्ता का दबाव पुलिस कार्रवाई पर साफ दिखाई दे रहा है।
चुनावी रणनीति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि 2027 में ‘इंडिया’ गठबंधन छोटे दलों को साथ लेकर पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगा। जनता भाजपा सरकार की नीतियों से त्रस्त है और अब परिवर्तन तय है।
प्रेसवार्ता में सपा के राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा, जिलाध्यक्ष जिया चौधरी, जिला महासचिव सोमपाल भाटी, नगर अध्यक्ष पुष्पेंद्र त्यागी तथा किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकिशोर शर्मा पीनना समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *