नहर में कूदकर जान देने चली महिला को पुलिस ने बचाया, SSP ने बहादुर जवानों और नागरिक को किया सम्मानित

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में निराशा के क्षणों में उठाया गया एक खतरनाक कदम पुलिस की फुर्ती और इंसानियत के जज्बे से नई जिंदगी में बदल गया। पारिवारिक विवाद से आहत एक महिला ने जटवाड़ा नहर पुल से छलांग लगा दी, लेकिन मुजफ्फरनगर पुलिस और एक जागरूक नागरिक ने समय रहते उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस सराहनीय कार्य पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिसकर्मियों और मददगार नागरिक को सम्मानित किया।
जानकारी के अनुसार 26 अप्रैल को थाना सिविल लाइन क्षेत्र के ग्राम मुल्ला कच्ची सड़क, सरवट निवासी महिला घरेलू तनाव के चलते जटवाड़ा नहर पुल पर पहुंची और आवेश में नहर में कूद गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना ककरौली की जटवाड़ा चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे। बिना देर किए पुलिसकर्मियों ने स्थानीय निवासी नौशाद पुत्र भूरा के सहयोग से नहर में उतरकर महिला को सकुशल बाहर निकाल लिया।
इस साहसिक और मानवीय कार्य का संज्ञान लेते हुए सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने अपने कार्यालय में महिला, बचाव दल में शामिल पुलिसकर्मियों और नागरिक नौशाद को बुलाया। उन्होंने महिला को धैर्य और सकारात्मक सोच के साथ जीवन जीने की सलाह दी, वहीं पुलिसकर्मियों की त्वरित कार्रवाई, बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा की खुलकर प्रशंसा की।
एसएसपी ने कहा कि मानव जीवन की रक्षा करना पुलिस का सर्वोच्च दायित्व है और ऐसी घटनाओं में जोखिम उठाकर जान बचाना ही वर्दी की असली पहचान है। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता यदि साथ खड़ी हो जाए तो किसी भी संकट को टाला जा सकता है।
इस मौके पर हैड कांस्टेबल सुशील कुमार, हैड कांस्टेबल प्रवीन कुमार और महिला कांस्टेबल पिंकी को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं स्थानीय नागरिक नौशाद को भी बहादुरी और सहयोग के लिए पुरस्कृत किया गया।
महिला ने भविष्य में ऐसा कदम दोबारा न उठाने का आश्वासन दिया और मुजफ्फरनगर पुलिस का आभार जताया। बाद में पुलिस ने महिला को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *