रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। शनिवार को पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने शहर के प्रमुख परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की हकीकत परखी और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश दिए।
जनपद में 25, 26 और 27 अप्रैल को होमगार्ड भर्ती परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में 17 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। परीक्षा के पहले दिन एसपी सिटी ने राजकीय इंटर कॉलेज और डीएवी इंटर कॉलेज पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे, प्रवेश द्वारों पर चेकिंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। पुलिसकर्मियों से कहा गया कि वे पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाएं, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर पैनी नजर रखें तथा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दें।
पुलिस अधीक्षक नगर ने यातायात व्यवस्था सुचारु रखने पर भी जोर दिया, ताकि परीक्षार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो। वहीं परीक्षा के दौरान हर गतिविधि पर सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
मुजफ्फरनगर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भर्ती परीक्षा को पारदर्शी, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों के बाहर पुलिस बल तैनात है और पूरे जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

