रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए नई मंडी थाना पुलिस ने “ऑपरेशन सवेरा” के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 1200 ग्राम अवैध गांजा, तौलने का कांटा, स्टेपलर और नशे की पुड़िया तैयार करने के सामान सहित एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस के अनुसार थाना प्रभारी आनन्द देव मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम शनिवार को क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कूकड़ा रोड स्थित ट्यूबवेल के पास संदिग्ध हालत में खड़े युवक को घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1200 ग्राम गांजा बरामद हुआ। साथ ही गांजा तौलने के लिए छोटा कांटा, पैकिंग के लिए स्टेपलर, स्टेपल बॉक्स और 75 खाली प्लास्टिक पैकेट भी बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बबलू पुत्र मुंशीराम निवासी फूलनगर कूकड़ा थाना नई मंडी बताया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी मादक पदार्थ और आबकारी अधिनियम के मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस का मानना है कि आरोपी क्षेत्र में गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर सप्लाई करता था। बरामद सामान से भी यही आशंका जताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

