पुलिस मुठभेड़ में फरार अभियुक्त घायल, सरकारी पिस्टल समेत गिरफ्तार

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

खतौली/मुजफ्फरनगर। थाना रतनपुरी पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए अभियुक्त को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से उपनिरीक्षक से छीनी गई सरकारी पिस्टल, मैगजीन और 9 एमएम का एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।
प्रभारी निरीक्षक रतनपुरी राकेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 20 अप्रैल 2026 को पुलिस ने वांछित अभियुक्त मंजीत उर्फ काला (22 वर्ष) निवासी ग्राम समौली को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पेट दर्द की शिकायत की, जिस पर उसे उपचार के लिए सीएचसी बुढ़ाना ले जाया जा रहा था। रास्ते में आरोपी ने शौच जाने का बहाना बनाया। पुलिस ने स्थिति को देखते हुए उसे वाहन से नीचे उतारा, तभी उसने अचानक उपनिरीक्षक शैलेन्द्र चौधरी को धक्का देकर उनकी सरकारी पिस्टल छीन ली और अंधेरे का फायदा उठाकर गेहूं के खेत में छिप गया। घटना के बाद पुलिस टीम ने तत्काल खेत की घेराबंदी की और एसओजी टीम को भी मौके पर बुला लिया।
दोनों टीमों ने आरोपी को आत्मसमर्पण के लिए चेतावनी दी, लेकिन उसने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें अभियुक्त घायल हो गया। पुलिस ने उसे मंडावली बागर के पास से गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी के कब्जे से छीनी गई सरकारी पिस्टल, मैगजीन और 9 एमएम का खोखा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *