तीन दिन दो पालियों में होगी परीक्षा, हर केंद्र पर पुलिस पहरा और CCTV निगरान
रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। आगामी होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2026 को लेकर प्रशासन और पुलिस ने कमर कस ली है। जिले में 25, 26 और 27 अप्रैल को दो पालियों में होने वाली परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार को जिला पंचायत सभागार में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में साफ संदेश दिया गया कि परीक्षा की शुचिता से खिलवाड़ करने वालों पर तत्काल कठोर कार्रवाई होगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस ऑब्जर्वर, केंद्र व्यवस्थापकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि किसी भी परीक्षा केंद्र पर अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी।
बैठक में परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के बैठने, पेयजल, सुरक्षा और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी CCTV कैमरों की कार्यशीलता जांचने और परीक्षा शुरू होने से पहले तकनीकी खामियां दूर करने को कहा गया।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि फर्जी अभ्यर्थी, सॉल्वर गैंग, नकल गिरोह या पेपर लीक जैसी किसी भी कोशिश पर तुरंत मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाओं को स्ट्रांग रूम में रखने तथा वहां सुरक्षा के उच्चतम मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष प्लान तैयार किया गया है ताकि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रशासन का दावा है कि इस बार परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहेगी और हर गतिविधि निगरानी में होगी।

